एनपैक प्रा. लि. निदेशक अनुराग तिवारी की प्रेस वार्ता
मेयर और देवा गुप्ता पर गंभीर आरोप
गरीब दर्शन / मोतिहारी –
नगर थाना कांड सं. 841/25 से जुड़े मामले में एनपैक प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अनुराग तिवारी ने गुरुवार को नरसिंह बाबा मंदिर प्रांगण में प्रेस वार्ता कर मोतिहारी की मेयर प्रीति कुमारी, देवा गुप्ता और उनके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाए। अनुराग तिवारी ने कहा कि पिछले 15 दिनों से उन्हें लगातार मानसिक उत्पीड़न और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि 27 अगस्त को उन्होंने नगर थाना में देवा गुप्ता, मेयर प्रीति कुमारी, सुगंध गुप्ता, चिंटू यादव सहित 10 अन्य लोगों के खिलाफ जान से मारने की धमकी और हत्या की साजिश का मामला दर्ज कराया था। उन्होंने आरोप लगाया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही उन पर मामला वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। तिवारी ने कहा कि मेयर प्रीति कुमारी के हस्ताक्षर और फोटोयुक्त एक एकतरफा संधि पत्र बनाकर उन पर जबरन हस्ताक्षर कराने की कोशिश की जा रही है।उन्होंने कहा कि “देवा गुप्ता के गुंडे जगह-जगह धमकी दे रहे हैं कि अगर मैंने दस्तखत नहीं किया तो गोली मार दी जाएगी या झूठे केस में फंसाकर जेल भेज दिया जाएगा,” । अनुराग तिवारी ने बताया कि धमकियों में गाड़ी से कुचल कर हत्या, खाते में अवैध रकम डालकर फंसाने जैसी बातें भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि अगर घटना वाले दिन सदर डीएसपी दिलीप कुमार मौके पर नहीं पहुंचे होते, तो उनकी हत्या हो सकती थी। उन्होंने इसके लिए एसपी स्वर्ण प्रभात का आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि, “मैं गोविंदगंज की बलिदानी मिट्टी से आता हूं, जहां अपराध से समझौता नहीं, बल्कि लड़ना सिखाया जाता है। मैं अपराधियों से समझौता करने से बेहतर गोली खाकर मरना पसंद करूंगा।” तिवारी ने यह भी कहा कि देवा गुप्ता और उनके सहयोगियों का अपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ रची जा रही साजिश इतनी गहरी है कि शायद यह उनकी “आखिरी प्रेस वार्ता” हो। हालांकि उन्होंने विश्वास जताया कि उन्हें न्यायपालिका और प्रशासन पर पूरा भरोसा है और न्याय अवश्य मिलेगा।

