दुर्गा मंदिर में चोरी नवरात्रि से पहले दुर्गा मंदिर में 15 लाख के जेवरात की चोरी
गरीब दर्शन /भभुआ/कैमूर।
शारदीय नवरात्रि शुरू होने से ठीक पहले भभुआ नगर परिषद के वार्ड संख्या 24 स्थित दक्षिण मोहल्ला दुर्गा मंदिर में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। मंगलवार की देर रात मंदिर का शीशा तोड़कर अंदर घुसे चोर माता की प्रतिमा पर चढ़ाए गए करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। बुधवार सुबह करीब सात बजे मंदिर में चोरी की जानकारी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु व स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। बताया जाता है कि चोरों ने मंदिर में प्रवेश करने के बाद माता रानी के मुकुट, मांगटीका, नथिया, कान के झुमके, हार समेत अन्य कीमती आभूषण चोरी कर लिए। स्थानीय निवासी मन्नू गुप्ता के अनुसार, वह रात करीब दो बजे तक जाग रहे थे और उस समय तक मंदिर सुरक्षित था। आशंका है कि चोरी की घटना करीब ढाई से तीन बजे के बीच हुई। वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने मंदिर के आसपास स्थित कुछ मकानों के मुख्य दरवाजों को बाहर से रस्सी से बांध दिया था, ताकि घरों में मौजूद लोग बाहर निकलकर विरोध न कर सकें। घटना की सूचना मिलते ही भभुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। नवरात्रि से ठीक पहले मंदिर में हुई इस चोरी की घटना से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में आक्रोश है। पुलिस का कहना है कि चोरी गए आभूषणों की बरामदगी और घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।

