ट्रेन से कटी नाबालिग का शव प्लास्टिक में बांधकर ले गई पुलिस वीडियो वायरल होने पर उठे सवाल
गरीब दर्शन / मोहनियां /भभुआ (कैमूर)।
कैमूर जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। भभुआ रोड रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से कटकर एक नाबालिग लड़की की मौत के बाद पुलिस द्वारा शव को स्ट्रेचर की जगह प्लास्टिक में बांधकर ले जाने का वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर लोगों में नाराजगी है और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जाता है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय–गया रेलखंड पर भभुआ रोड रेलवे स्टेशन से करीब एक किलोमीटर पूरब अप लाइन के पास एक लगभग 12 वर्षीय लड़की की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। हालांकि इस दौरान शव को स्ट्रेचर की बजाय प्लास्टिक में बांधकर दो चौकीदारों के सहारे टांगकर ले जाया गया, जिसका वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इसे अमानवीय बताया है। मिली जानकारी के अनुसार रेलवे स्टेशन मास्टर ने घटना की सूचना आरपीएफ को दी थी। चूंकि घटनास्थल मोहनिया थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए आरपीएफ ने इसकी सूचना मोहनिया पुलिस को दी। इसके बाद मोहनिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कागजी कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया। घटना भभुआ रोड रेलवे स्टेशन से लगभग एक किलोमीटर पूरब, पोल संख्या 619/1A के पास अप रेलवे लाइन के किनारे हुई है। खबर लिखे जाने तक मृत लड़की की पहचान नहीं हो सकी है। इस संबंध में मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि आरपीएफ से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव की पहचान के लिए उसे 72 घंटे तक मोर्चरी में रखा जाएगा। यदि इस दौरान पहचान नहीं हो पाती है तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

