बोरवेल में गिरी तीन वर्षिय की नेहा की मौत
गरीब दर्शन / फरीदाबाद :
फरीदाबाद के सीही गांव में रविवार शाम खेलते समय तीन साल की बच्ची नेहा खुले बोरवेल में गिर गई। हादसा सेक्टर-8 के पास स्थित नगर निगम के पुराने बोरवेल में हुआ, जो करीब 15 साल से बंद पड़ा था। नेहा अन्य बच्चों के साथ पास खड़े ट्रैक्टर पर चढ़कर खेल रही थी, तभी उसका पैर फिसल गया और वह बोरवेल में जा गिरी। बोरवेल की गहराई करीब 200 फीट बताई जा रही है। बच्ची उल्टी अवस्था में फंसी हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। करीब 10 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन। बचाव दल ने खुदाई और विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया। सोमवार सुबह करीब 4 बजे बच्ची को बोरवेल से बाहर निकाला गया। उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। उसे तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। नेहा के पिता रामदीन उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के मूल निवासी हैं जो मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। परिवार का आरोप है कि कुछ दिन पहले बोरवेल का ढक्कन हट गया था, लेकिन नगर निगम ने इसे दोबारा नहीं ढका। स्थानीय लोगों ने नगर निगम की लापरवाही पर रोष जताया है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। खुले बोरवेलों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

