—ईओयू की बड़ी कार्रवाई
बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप
–वैशाली जिले के जंदाहा स्थित पैतृक आवास पर इओयू का छापा।
गरीब दर्शन/हाजीपुर/जंदाहा।
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई यानी ई ओ यू ने एक बार फिर बहुत बड़ी कार्रवाई की है। इस बार भ्रष्टाचार के रडार पर आए हैं बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के महाप्रबंधक तकनीकी कमलेश कुमार भगत। मंगलवार सुबह-सुबह ई ओ यू की टीम ने कमलेश कुमार के एक-दो नहीं, बल्कि एक साथ चार अलग-अलग ठिकानों पर धावा बोल दिया।आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, महाप्रबंधक तकनीकी कमलेश कुमार पर अपनी वैध आय से 103% अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है। उनके खिलाफ 3 करोड़ 12 लाख 51 हजार रुपये से ज्यादा की अवैध संपत्ति जमा करने के मामले में FIR दर्ज की गई थी। ई ओ यू की टीम जिन चार जगहों पर एक साथ तलाशी ली हैं, उसमें वैशाली के जंदाहा स्थित उनका पैतृक घर। पटना के एसके पुरी इलाके में रामकृष्ण पथ पर स्थित मनमोहन अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर 302, पटना के राजीव नगर (रोड नंबर 25सी) में मौजूद मेधा बिल्डिंग एवं पटना स्थित बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड में उनका खुद का कार्यालय कक्ष। छापेमारी अभियान में ई ओ यू के दो दर्जन से अधिक अधिकारी और पुलिसकर्मी के अलावा जंदाहा थाना पुलिस शामिल थी। सुबह 8 बजे से शुरू हुई इस कार्रवाई के बाद सभी ठिकानों पर हड़कंप मच गया है। फिलहाल ई ओ यू की टीम बैंक खातों, जमीन के कागजात, सोने-चांदी के गहने और भारी नकदी से जुड़े इनपुट को खंगालने में जुटी हुई हैं। जंदाहा स्थित पैतृक आवास पर छापेमारी मंगलवार के सुबह करीब 8बजे से शुरू हुई जो शाम करीब 5 बजे तक चली। हालांकि छापेमारी टीम द्वारा छापेमारी अभियान समाप्त होने के पश्चात कुछ भी बताने से इनकार किया गया। लेकिन करीब 9 घंटे तक आर्थिक अपराध अनुसंधान इकाई की टीम द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया गया। टीम द्वारा जारी इंजीनियर कमलेश कुमार भगत के सभी ठिकानों पर जारी तलाशी अभियान के खत्म होने के बाद ही मामला उजागर हो पाएगा।

