वायरल ऑडियो से कैमूर की सियासत में भूचाल राजद बैकफुट पर मुस्लिम समुदाय में नाराजगी

वायरल ऑडियो से कैमूर की सियासत में भूचाल राजद बैकफुट पर मुस्लिम समुदाय में नाराजगी

पूर्व मंत्री के पुत्र और ‘हम’ जिलाध्यक्ष के बीच कथित ऑडियो में आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल का दावा; बबलू बिंद ने आवाज अपनी होने से किया इनकार, मनोज गुप्ता ने बातचीत की पुष्टि की

गरीब दर्शन /भभुआ /(कैमूर)।

बिहार की राजनीति में अल्पसंख्यकों की सबसे बड़ी हितैषी पार्टी होने का दावा करने वाली राष्ट्रीय जनता दल (राजद) कैमूर में एक कथित वायरल ऑडियो को लेकर घिरती नजर आ रही है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस ऑडियो ने जिले की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है और मुस्लिम समुदाय में नाराजगी की चर्चा तेज हो गई है।
दावा किया जा रहा है कि वायरल ऑडियो ‘हम’ (हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा) के कैमूर जिलाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता और चैनपुर विधानसभा से राजद के पूर्व प्रत्याशी, पूर्व मंत्री एवं नवनियुक्त राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ब्रज किशोर बिंद के पुत्र बबलू बिंद के बीच हुई बातचीत का है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट को लेकर तीखी बहस हुई, जो गाली-गलौज तक पहुंच गई।
आरोप है कि बातचीत के दौरान बबलू बिंद की ओर से मुस्लिम समुदाय के लिए ‘मियाँ’ और ‘मियांवा’ जैसे शब्दों का आपत्तिजनक और अशोभनीय संदर्भ में इस्तेमाल किया गया। ऑडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोग इसे अल्पसंख्यक समुदाय का अपमान बताते हुए राजद की कार्यशैली और उसके नेताओं की मानसिकता पर सवाल उठा रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर मुस्लिम समुदाय के बीच इस ऑडियो को लेकर नाराजगी की चर्चा है। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय अल्पसंख्यक समाज से समर्थन मांगने वाले नेताओं के परिवार से जुड़े व्यक्ति पर यदि ऐसे आरोप लगते हैं, तो इससे पार्टी की विश्वसनीयता प्रभावित होती है।
इस पूरे मामले में अब तक कैमूर जिले के किसी भी स्थानीय राजद नेता या पार्टी के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और विपक्ष भी इसे मुद्दा बनाने की तैयारी में दिखाई दे रहा है। दोनों पक्षों का पक्ष भी आया सामने
जब वायरल ऑडियो की सत्यता को लेकर बबलू बिंद से मोबाइल पर संपर्क किया गया तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि वायरल ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज उनकी नहीं है और उन्होंने इससे अपना संबंध होने से इनकार किया। वहीं, ‘हम’ के कैमूर जिलाध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता ने स्वीकार किया कि वायरल ऑडियो में सुनाई दे रही एक आवाज उनकी है। उन्होंने यह भी माना कि दोनों के बीच बातचीत के दौरान तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज हुई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *