राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट की तैयारी
सीसीटीवी फुटेज, बैंक लेन-देन और बरामदगी को बनाया गया आधार, 25 सितंबर तक आरोप पत्र दाखिल करने की तैयारी
गरीब दर्शन/अयोध्या।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा और चंदे की रकम चोरी के मामले में पुलिस जांच अंतिम चरण में पहुंच गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में गिरफ्तार आठ आरोपियों के खिलाफ सीसीटीवी फुटेज, बैंक खातों में मिले लेन-देन, बरामद नकदी और अन्य दस्तावेजी साक्ष्य जुटाए गए हैं। सभी आरोपी फिलहाल जेल में बंद हैं। जांच के दौरान मंदिर परिसर में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस के मुताबिक, कई घटनाओं में आरोपी नोटों की गिनती के दौरान कैमरों की नजर से बचने के प्रयास करते और नोटों की गड्डियां कपड़ों, जेबों तथा जूतों में छिपाकर ले जाते दिखाई दिए। हिडन कैमरों की रिकॉर्डिंग से भी जांच में मदद मिलने की बात कही गई है। पुलिस जांच में आरोपियों के बैंक खातों में चोरी की घटनाओं की तारीखों से मेल खाते कुछ लेन-देन भी सामने आने का दावा किया गया है। पुलिस ने अब तक करीब 80 लाख रुपये नकद, जेवरात और अन्य सामान बरामद करने की जानकारी दी है। मामले में 25 जून को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस के अनुसार, वैधानिक अवधि पूरी होने से पहले 25 सितंबर तक अदालत में आरोप पत्र दाखिल करने की तैयारी की जा रही है। आरोप पत्र में सीसीटीवी फुटेज, आरोपियों के बयान, बरामदगी और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों को शामिल किया जाएगा। मामले में रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष यादव, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय, रमाशंकर मिश्रा और सुभाष श्रीवास्तव आरोपी हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

