बाबा नीब करौरी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम ने की अमित शाह से मुलाकात
गरीब दर्शन/नई दिल्ली।
बाबा नीब करौरी के जीवन, आध्यात्मिक यात्रा और भगवान हनुमान के प्रति उनकी अनन्य भक्ति पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान फिल्म के कलाकारों और निर्माण से जुड़े सदस्य मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान फिल्म की विषयवस्तु, उद्देश्य तथा बाबा नीब करौरी जी के आध्यात्मिक जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।टीम ने बताया कि फिल्म का उद्देश्य बाबा नीब करौरी जी के जीवन, सेवा, साधना और मानवता के प्रति उनके समर्पण को सिनेमा के माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाना है। फिल्म निर्माताओं के अनुसार, बाबा नीब करौरी जी को भगवान हनुमान के अनन्य भक्त के रूप में श्रद्धा से याद किया जाता है। उनकी आध्यात्मिक यात्रा और प्रेरक प्रसंग आज भी अनुयायियों के बीच विशेष महत्व रखते हैं। फिल्म के माध्यम से नई पीढ़ी को उनके जीवन और आध्यात्मिक संदेश से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर अमित शाह ने फिल्म की टीम को शुभकामनाएं दीं और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए फिल्म की सफलता की कामना की। मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा होने के बाद अनुयायियों में उत्साह देखा गया।

