कोस्टल रोड पर बीएमडब्ल्यू हादसे में तीन युवकों की मौत एक गंभीर रूप से घायल
गरीब दर्शन / मुंबई
मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार करीब 75 फीट नीचे गिर गई। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना सुबह करीब 5:20 बजे लोटस जेट्टी के पास लाला लाजपतराय कॉलेज के सामने हुई। पुलिस के अनुसार कार मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी। तेज रफ्तार में चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर अथवा बाहरी दीवार से टकराकर नीचे जा गिरी। कार में चार युवक सवार थे। नायर अस्पताल में चिकित्सकों ने शनाय गुज्जर (21), आदित्य जकसानिया (19) और धैर्य शेठ (17) को मृत घोषित कर दिया। आदित्य ओसवाल गंभीर रूप से घायल है। पुलिस के मुताबिक सभी युवक बीबीए के छात्र थे। कार चालक के परिवार की बताई जा रही है। तारदेव पुलिस और कोस्टल रोड पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है।

