दिशा सालियान के पिता ने आदित्य ठाकरे को भेजा 500 करोड़ का मानहानि नोटिस

दिशा सालियान के पिता ने आदित्य ठाकरे को भेजा 500 करोड़ का मानहानि नोटिस

गरीब दर्शन/मुंबई।

दिवंगत दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे को 500 करोड़ रुपये के मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा है। शनिवार को सतीश सालियान अपने वकील निलेश ओझा के साथ मुंबई स्थित ठाकरे परिवार के आवास मातोश्री पहुंचे। नोटिस में कथित मानहानिकारक बयानों को वापस लेने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और 500 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की गई है। सतीश सालियान ने कहा कि वह आम आदमी की ताकत दिखाने के लिए मातोश्री पहुंचे हैं। उनके वकील निलेश ओझा के अनुसार, एक कनिष्ठ वकील के माध्यम से नोटिस तामील कराया गया। नोटिस में आदित्य ठाकरे के सोशल मीडिया पर दिए गए कुछ बयानों को झूठा, दुर्भावनापूर्ण और मानहानिकारक बताया गया है। आदित्य ठाकरे को नोटिस की मांगों पर जवाब देने के लिए सात दिन का समय दिए जाने की बात भी सामने आई है। यह मामला दिशा सालियान की वर्ष 2020 में हुई मौत की जांच से जुड़ा है। हाल में बंबई उच्च न्यायालय के निर्देश के बाद केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। हालांकि, प्राथमिकी में किसी व्यक्ति का नाम होना अपने आप में उसके दोषी होने का प्रमाण नहीं है। आदित्य ठाकरे ने दिशा सालियान को जानने या उनसे मिलने से इनकार किया है और मामले में उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया है। शिवसेना (यूबीटी) की ओर से सतीश सालियान की कानूनी कार्रवाई को प्रचार का प्रयास बताया गया है। दूसरी ओर, सतीश सालियान अपनी बेटी की मौत की जांच को लेकर कानूनी लड़ाई जारी रखने की बात कह रहे हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *