पुलिस का वारंटियों पर शिकंजा : सात गिरफ्तार
न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर अलग-अलग मामलों में हुई कार्रवाई
सभी आरोपी कोर्ट में पेश
राज्य संवाद प्रमुख/ गरीब दर्शन/ उन्नाव (उतर प्रदेश)
अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अजगैन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सात वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देश पर पुलिस टीम ने यह कार्रवाई न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर की। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अंकुश, प्रेमशंकर लोध, बबलू उर्फ उदय प्रताप, राजेश कुमार, विनय कुमार, राम किशोर लोध और राजू के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ अलग-अलग मामलों में न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी थे। पुलिस टीम ने वारंटियों की तलाश के बाद उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के पश्चात आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए सभी अभियुक्तों को संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय से जारी वारंटों के निष्पादन के साथ-साथ वांछित एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से वारंटियों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।

