देवरिया को 305 करोड़ की 80 विकास परियोजनाओं की सौगात : मुख्यमंत्री योगी
विकास का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
गरीब दर्शन/देवरिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सलेमपुर में आयोजित कार्यक्रम में देवरिया जिले के सलेमपुर और भाटपार रानी विधानसभा क्षेत्रों के लिए 305 करोड़ रुपये की लागत वाली 80 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को नियुक्ति-पत्र, प्रमाण-पत्र, टूल किट और सहायता राशि भी वितरित की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों को गति देने के साथ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विकास का उद्देश्य केवल सड़क, भवन और अन्य आधारभूत सुविधाओं का निर्माण करना नहीं, बल्कि आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। सरकार की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सलेमपुर और भाटपार रानी क्षेत्र में शुरू की गई परियोजनाओं से स्थानीय स्तर पर बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और लोगों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध होंगी। विकास कार्यों से रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीब, किसान, युवा, महिला और जरूरतमंद वर्गों के हित में लगातार कार्य कर रही है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ जरूरतमंदों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय में पूरा कराया जाए और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बरती जाए। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को नियुक्ति-पत्र, प्रमाण-पत्र, टूल किट एवं सहायता राशि प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उसका लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। प्रदेश सरकार इसी संकल्प के साथ विकास और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पार्टी पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।


