गंडक बराज पहुंचे मुख्यमंत्री फाटकों और जल निकासी व्यवस्था का लिया जायजा

गंडक बराज पहुंचे मुख्यमंत्री फाटकों और जल निकासी व्यवस्था का लिया जायजा

गरीब दर्शन/वाल्मीकिनगर।

नेपाल में बुधवार को आई भीषण बाढ़ के बाद गंडक नदी के जलस्तर और सीमावर्ती क्षेत्रों में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार की सुबह वाल्मीकिनगर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने हवाई सर्वेक्षण के दौरान गंडक नदी के जलप्रवाह और आसपास के क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। वाल्मीकिनगर पहुंचने पर अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी ने बुके देकर उनका स्वागत किया। हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने गंडक बराज का निरीक्षण कर बराज के फाटकों, जल निकासी व्यवस्था एवं नियंत्रण कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से गंडक नदी के वर्तमान जलस्तर, नेपाल से आने वाले पानी के प्रवाह, बराज से छोड़े जा रहे पानी तथा संभावित बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गंडक नदी के जलस्तर और बराज की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में पूरी तरह सतर्क रहते हुए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। बताया गया कि नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद प्रशासन जिलाधिकारी तरनजोत सिंह के नेतृत्व में स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह अलर्ट रहा। गंडक बराज का जलस्तर अधिकतम करीब 1.50 लाख क्यूसेक तक पहुंचा। इस दौरान जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे। पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने नेपाल की त्रिशूली त्रासदी को भयावह बताते हुए वहां हुए जान-माल के नुकसान पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नेपाल से अत्यधिक पानी का प्रवाह गंडक नदी में आने पर तटवर्ती क्षेत्रों और उत्तर प्रदेश के इलाकों में नुकसान की आशंका थी। पूर्व सूचना के आधार पर प्रशासन, सिंचाई विभाग एवं वन विभाग सहित संबंधित विभागों को पूरी तरह सतर्क रखा गया। सरकार की सभी परिस्थितियों पर नजर बनी हुई है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी तरनजोत सिंह, बगहा पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, बगहा अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी, सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट तपेश्वर संवित राउत, एसडीपीओ निहार भूषण, बगहा-2 के बीडीओ बिड्डू कुमार, वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार, सशस्त्र सीमा बल गंडक बराज निरीक्षक लोकेश कुमार बनिया, अंचलाधिकारी वसीम अकरम, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता मोहम्मद जिलानी, कार्यपालक अभियंता मोहम्मद इकबाल अनवर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *