103 यूनिट रक्तदान से गूंजा मानवता का संदेश
ऐतिहासिक बना रक्तदान शिविर
रक्तवीर परिवार व ईस्ट चम्पारण लायंस क्लब के आयोजन में महिलाओं, बहनों और छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर किया रक्तदान

गरीब दर्शन/मोतिहारी।
रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है। इसी मानवीय संदेश को लेकर रक्तवीर परिवार एवं ईस्ट चम्पारण लायंस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, मोतिहारी में आयोजित रक्तदान शिविर में 103 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। बड़ी संख्या में लोगों के स्वैच्छिक रक्तदान से शिविर ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी बन गया। शिविर की खास बात यह रही कि रक्तवीर परिवार के रक्तवीर योद्धाओं के साथ-साथ महिलाओं, बहनों और छात्राओं ने भी पूरे उत्साह के साथ रक्तदान में भाग लिया। लोगों ने रक्तदान को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। रक्तदान शिविर की सफलता में रक्तवीर परिवार के संस्थापक-अध्यक्ष प्रभात कानू के नेतृत्व और निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने रक्तदान को महज एक आयोजन तक सीमित रखने के बजाय इसे जरूरतमंदों की जिंदगी बचाने वाले सामाजिक अभियान के रूप में आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है। प्रभात कानू ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है। किसी दुर्घटना, गंभीर बीमारी या ऑपरेशन के दौरान जरूरतमंद मरीज के लिए समय पर उपलब्ध रक्त जीवन रक्षक साबित होता है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की, ताकि किसी मरीज को रक्त के अभाव में जिंदगी के लिए संघर्ष न करना पड़े।शिविर को सफल बनाने में पत्रकार कुंदन, विद्या विहार स्कूल के निदेशक नरेंद्र, महताब आलम, जिला पार्षद विनोद गुप्ता, कानू हलवाई विकास संघ के अध्यक्ष मुख्तार गुप्ता, मनीष, रवि एवं गौरव सहित ईस्ट चम्पारण लायंस क्लब के अध्यक्ष एवं सचिव और अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने कहा कि 103 यूनिट रक्तदान किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि रक्तदाताओं, सहयोगियों और समाज की सामूहिक सहभागिता का परिणाम है। शिविर ने लोगों के बीच रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ यह संदेश भी दिया कि समाज के स्वस्थ लोग आगे आएं तो कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।शिविर के समापन पर प्रभात कानू ने सभी रक्तदाताओं, रक्तवीर योद्धाओं, मातृशक्ति, बहनों, छात्राओं, सहयोगियों और आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।


