सुरक्षा कारणों से दानापुर का पीपा पुल बंद दियारा की सात पंचायतों का शहर से संपर्क टूटा
अब नाव ही बना आवागमन का सहारा, प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की
गरीब दर्शन / पटना
बरसात के मौसम और सुरक्षा कारणों को देखते हुए दानापुर को दियारा क्षेत्र से जोड़ने वाले पीपा पुल को बंद कर दिया गया है। पुल को हटाने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दियारा की सात पंचायतों का शहर से सीधा संपर्क टूट गया है। अब स्थानीय लोगों के लिए नदी पार करने का एकमात्र साधन नाव रह गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुल बंद होने से पुरानी पानापुर, हेतनपुर, कासीमचक समेत सात पंचायतों के हजारों लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन द्वारा स्वीकृत एवं सुरक्षित सरकारी नावों (स्टीमर) का परिचालन जल्द शुरू किए जाने की तैयारी है, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके।
जिला प्रशासन और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम ने आम नागरिकों एवं वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। पटना से उत्तर बिहार, वैशाली और सारण की ओर जाने वाले यात्रियों को महात्मा गांधी सेतु, जेपी सेतु (दीघा-सोनपुर पुल) तथा आरा-छपरा सेतु जैसे स्थायी पुलों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान पीपा पुल हटाए जाने से दियारा क्षेत्र के लोगों की परेशानी बढ़ जाती है। विशेषकर आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना बड़ी चुनौती बन जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि वर्षों से दियारा क्षेत्र के लिए स्थायी पुल निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों ने सरकार से जल्द स्थायी पुल का निर्माण कराने की मांग दोहराते हुए कहा कि इससे लाखों लोगों की वर्षों पुरानी समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।

