पटना के तीन रेस्टोरेंट-बेकरी में छापेमारी, 26 किलो से अधिक खाद्य सामग्री नष्ट

पटना के तीन रेस्टोरेंट-बेकरी में छापेमारी, 26 किलो से अधिक खाद्य सामग्री नष्ट

गरीब दर्शन/पटना:  राजधानी में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर खाद्य संरक्षा विभाग ने गुरुवार को तीन प्रतिष्ठानों में छापेमारी की। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। विभाग की टीम ने असुरक्षित और अवधि समाप्त खाद्य सामग्री नष्ट कराई। वहीं, पाटलिपुत्र कॉलोनी स्थित सेवनटीन डिग्रीज रेस्टोरेंट के रसोईघर को साफ-सफाई और जरूरी सुधार के लिए दो दिनों तक बंद करा दिया गया। कदमकुआं की हाजी बेकरी बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित होती मिली।

पी एंड एम मॉल स्थित सेवनटीन डिग्रीज रेस्टोरेंट की जांच में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थ एक ही रेफ्रिजरेटर में रखे मिले। रसोईघर में पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था नहीं थी और जल निकासी भी संतोषजनक नहीं पाई गई। मसालों एवं खाद्य पदार्थों पर निर्माण और उपयोग की अंतिम तिथि का उल्लेख भी नहीं था। टीम ने 10 किलो अनियन ग्रेवी, पांच किलो जिंजर ग्रेवी, चार किलो उबला चाउमीन, दो पैकेट पाव ब्रेड और 12 पैकेट ब्राउनी नष्ट कराए। मस्टर्ड सॉस और अरहर दाल के नमूने भी जांच के लिए लिए गए।

कदमकुआं के कोयरी टोला स्थित हाजी बेकरी में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत जरूरी लाइसेंस या पंजीकरण नहीं मिला। यहां 12 किलो अवधि समाप्त प्रभुजी मिल्क लच्छा सेवई नष्ट कराई गई। पापा बिस्कुट और मैदा के नमूने भी संग्रहित किए गए।

वहीं, कृष्णापुरी के बोरिंग कैनाल रोड स्थित रोमियो लेन रेस्टोरेंट में ढक्कनयुक्त कूड़ेदान नहीं मिला। यहां दो किलो दही मसाला, डेढ़ किलो टमाटर ग्रेवी और 500 ग्राम पैडी नष्ट कराई गई। भुनी चना दाल का नमूना जांच के लिए लिया गया।

खाद्य संरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और वैध लाइसेंस की जांच का अभियान जारी रहेगा। मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *