नाबालिग से दुष्कर्म मामले का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
भभुआ अनुमंडल के टॉप-10 अपराधियों में था शामिल
गरीब दर्शन /भभुआ (कैमूर)
भभुआ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह आरोपी भभुआ अनुमंडल के टॉप- 10 अपराधियों की सूची में भी शामिल था। प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 दिसंबर 2024 को जिले के एक थाना क्षेत्र की नाबालिग बालिका शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान गांव के ही दो व्यक्तियों ने उसका अपहरण कर सीएनजी ऑटो में बैठाकर एक सुनसान स्थान पर ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे वापस उसी स्थान पर छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता के बयान के आधार पर भभुआ थाना में कांड संख्या 01/25 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने एक आरोपी नीतीश बिंद को पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि इस मामले का मुख्य आरोपी गौतम बिंद घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस को सफलता मिली और 4 मार्च 2026 को मुख्य आरोपी गौतम बिंद को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार शीघ्र ही मामले में आरोप पत्र न्यायालय में समर्पित किया जाएगा और स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषी अभियुक्तों को कड़ी सजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि भभुआ अनुमंडल के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल 25 हजार रुपये के इनामी शहनवाज अंसारी सहित ननकु बिंद, धरमु राजभर, सेवा राजभर, किशन सिंह और ललन यादव समेत कुल नौ सक्रिय अपराधियों को भी पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। इसे पुलिस की एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

