पेपरलेस निबंधन में वैशाली जिला पूरे बिहार में प्रथम
–जिले के सभी पांच निबंधन कार्यालय राज्य के टॉप-20 में शामिल, हाजीपुर को प्रथम एवं पातेपुर को मिला दूसरा स्थान
गरीब दर्शन/हाजीपुर। वैशाली जिले ने पेपरलेस निबंधन व्यवस्था के सफल क्रियान्वयन में पूरे बिहार में प्रथम स्थान हासिल कर डिजिटल सुशासन के क्षेत्र में एक उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की है। जिले के सभी पांच निबंधन कार्यालयों का राज्य के शीर्ष 20 उत्कृष्ट कार्यालयों में शामिल होना इस सफलता को और विशेष बनाता है।मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, बिहार, पटना द्वारा जारी समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार हाजीपुर निबंधन कार्यालय ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जबकि पातेपुर दूसरे स्थान पर रहा। इसी क्रम में महनार को आठवां, महुआ को बारहवां तथा लालगंज निबंधन कार्यालय को बीसवां स्थान प्राप्त हुआ है। इस प्रकार वैशाली जिले के सभी पांचों निबंधन कार्यालयों ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।इस उपलब्धि के लिए हाजीपुर के श्री धनंजय कुमार राव, पातेपुर के श्री संतोष कुमार, महनार के श्री अजीत कुमार, महुआ की श्रीमती अर्पणा एवं लालगंज की श्रीमती महजबीन को उत्कृष्ट निबंधन पदाधिकारियों के रूप में चयनित किया गया है। विभागीय आदेश के अनुसार सभी चयनित पदाधिकारियों को प्रोत्साहन राशि के रूप में 1,000 रुपये का भुगतान ई-बिलिंग के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में किया जा रहा है।इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने सभी निबंधन पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वैशाली जिले का बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरी टीम की मेहनत, कार्य के प्रति प्रतिबद्धता, तकनीक के प्रभावी उपयोग एवं बेहतर प्रशासनिक समन्वय का परिणाम है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि योजनाबद्ध कार्यप्रणाली, नियमित समीक्षा एवं सतत अनुश्रवण के माध्यम से सरकारी सेवाओं को अधिक प्रभावी और जनोपयोगी बनाया जा सकता है।जिलाधिकारी ने कहा कि पेपरलेस निबंधन व्यवस्था डिजिटल प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे निबंधन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल एवं त्वरित हुई है तथा आम नागरिकों को अनावश्यक कागजी प्रक्रिया एवं कार्यालयों के चक्कर से राहत मिल रही है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि इस उपलब्धि को बनाए रखने के साथ निबंधन सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार किया जाए तथा प्रत्येक नागरिक को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी एवं सम्मानजनक सेवा उपलब्ध कराई जाए।

