राहुल गांधी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते मॉक पीएम बनकर ही रहें :- संबित पात्रा
गरीब दर्शन/नई दिल्ली
इंडिया गठबंधन की मॉक संसद और चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन को लेकर भाजपा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे प्रधानमंत्री बनने का सपना छोड़ दें। विपक्ष चाहे कितनी भी मॉक संसद आयोजित कर ले, राहुल गांधी वास्तविक प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। वे केवल मॉक प्रधानमंत्री बनकर ही रह सकते हैं। पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर आयोजित प्रतीकात्मक जन-महाभियोग और मॉक संसद सत्र का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष लोकतंत्र का मजाक बना रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ”आप मॉक पार्लियामेंट कर लो या रैलियां निकाल लो, दुनिया समझ चुकी है कि राहुल गांधी के पास आगे बढ़ने का ईंधन नहीं है। यह सैटेलाइट कभी लॉन्च नहीं होने वाला।”
उन्होंने विपक्ष को सलाह देते हुए कहा कि मॉक संसद बंद करने के बजाय राहुल गांधी को टी-शर्ट की जगह कुर्ता-पायजामा पहनाकर सत्तापक्ष की बेंच पर बैठा देना चाहिए। साथ ही रोज प्रधानमंत्री-प्रधानमंत्री का भजन-कीर्तन करना चाहिए। पात्रा ने कहा कि विपक्ष राहुल गांधी को जीवनभर अपना मॉक प्रधानमंत्री बनाए रख सकता है, भाजपा को इससे कोई आपत्ति नहीं है।
भाजपा प्रवक्ता ने वोट चोरी के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के शासनकाल में भी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया कई बार हुई थी। उनके मुताबिक, विपक्ष के 38 लाख बूथ स्तरीय एजेंट यदि अपनी जिम्मेदारी ठीक से निभाते तो आज मॉक संसद आयोजित करने की नौबत नहीं आती।
पात्रा ने विपक्ष की मंशा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उसका उद्देश्य चुनाव सुधार नहीं, बल्कि सत्ता परिवर्तन है। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव आयोग और सरकार पर दबाव बनाने के लिए विरोध प्रदर्शन तथा मॉक संसद का सहारा ले रहा है। रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की रैली को लेकर भी भाजपा ने सवाल उठाए हैं। पात्रा के बयान के बाद भाजपा और विपक्ष के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। एक ओर विपक्ष मतदाता सूची और चुनावी पारदर्शिता को लेकर सवाल उठा रहा है, वहीं भाजपा इन आरोपों को राजनीतिक हथकंडा बता रही है।

