मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने भाभी को कंधा देकर दी अंतिम विदाई पैतृक गांव हथुआ में भावुक हुए परिजन और ग्रामीण
गरीब दर्शन/हथुआ /गोपालगंज
बिहार सरकार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत शुक्रवार की सुबह अपनी भाभी नीलम देवी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैतृक गांव हथुआ प्रखंड के भरतपुरा पहुंचे। दुख की इस घड़ी में उन्होंने स्वयं पार्थिव शरीर को कंधा दिया और श्मशान घाट तक पहुंचे। हिंदू रीति-रिवाज एवं वैदिक परंपराओं के अनुसार नीलम देवी को अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान मुख्य सचिव सहित परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। जानकारी के अनुसार, मुख्य सचिव के चचेरे भाई स्वर्गीय प्रदीप श्रीवास्तव की पत्नी नीलम देवी (60) का हाल ही में एक निजी अस्पताल में हृदय संबंधी ऑपरेशन हुआ था। बुधवार की शाम उन्हें स्वस्थ अवस्था में गांव लाया गया था। लेकिन एंबुलेंस से उतरते ही अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गईं। परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया। बताया गया कि हृदय गति रुकने से उनकी मृत्यु हुई। निधन की सूचना मिलने के बाद मुख्य सचिव के पिता एवं पूर्व कुलपति डॉ. रिपुसूदन प्रसाद श्रीवास्तव सहित परिवार के अन्य सदस्य गांव पहुंचे। परिजनों के आने की प्रतीक्षा में पार्थिव शरीर को दो दिनों तक हथुआ अनुमंडलीय अस्पताल में रखा गया था। शुक्रवार की सुबह बेटी रश्मि के पहुंचने के बाद पैतृक श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। उनके छोटे पुत्र मुकेश कुमार ने मुखाग्नि दी। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर समीर परिमल, प्रेम सिन्हा, पर्यावरण मित्र डॉ. सत्य प्रकाश, राजेश श्रीवास्तव, अनिल सिंह, राजकुमार बैठा, अस्तित्व अंकुर, अरुण कुमार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति, रिश्तेदार और ग्रामीण मौजूद रहे। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत द्वारा अपनी भाभी के पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम विदाई देना वहां उपस्थित लोगों के लिए बेहद भावुक क्षण रहा।

