दिल्ली पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड सिंडिकेट का किया भंडाफोड़ 6 गिरफ्तार
नई दिल्ली / गाजियाबाद : दिल्ली पुलिस ने एक अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पांच बैंकर शामिल हैं। आरोपियों ने क्रिप्टोकरेंसी के जरिए पैसे निकाले और एक चीनी नागरिक से संपर्क में थे। बदले में उन्हें नकद मिलता था । यह सिंडिकेट 2013 से सक्रिय था। जांच में केरल के दो क्षेत्रीय बैंकों की भी भूमिका सामने आई है। पुलिस के अनुसार आरोपी बहुत सावधानी से काम करते थे। अपराध में इस्तेमाल मोबाइल फोन उनके स्थान से कम से कम पांच किलोमीटर दूर रखे जाते थे ताकि ट्रैकिंग न हो सके। इससे पहले गाजियाबाद क्राइम ब्रांच ने फर्जी मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर चल रहे एक बड़े साइबर फ्रॉड मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया था। इस गिरोह ने देशभर के पीड़ितों से 60 लाख रुपये से अधिक की ठगी की थी। मुख्य आरोपी दीपक खन्ना, राहुल और नीरज भाटी ने फर्जी कॉल सेंटर चलाया था। गिरोह ने गूगल ऐड्स पर प्रमुख इंश्योरेंस कंपनी के नाम से फर्जी विज्ञापन चलाए। केरल, झारखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में 20 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं।
मुख्य मास्टरमाइंड दीपक कुमार (गाजियाबाद निवासी) अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। दोनों मामलों में पुलिस ने मोबाइल फोन, एटीएम- डेबिट कार्ड, चेकबुक, पासबुक और नकदी बरामद की है। आगे की जांच जारी है। नागरिकों से अपील है कि संदिग्ध कॉल, लिंक या निवेश के प्रस्ताव पर तुरंत साइबर थाने या 1930 पर शिकायत करें।

