नारकोटिक्स स्क्वाड ने महिला ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया
गरीब दर्शन / नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस की आउटर नॉर्थ जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने बवाना की न्यू सनौठ कॉलोनी में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात महिला ड्रग तस्कर पार्वती (42) को गिरफ्तार किया है। पार्वती को इलाके की बैड कैरेक्टर माना जाता है। उसके खिलाफ एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम के तहत 12 मामले पहले से दर्ज हैं। वह 1990 के दशक से नशे के कारोबार में सक्रिय बताई जाती है। 23 सितंबर को मिली सूचना के आधार पर टीम ने छापा मारा। मौके पर पार्वती के साथ उसके सहयोगी विकास कुमार उर्फ शानू (30) को भी पकड़ा गया, जो उसका बॉडीगार्ड बताया जा रहा है। छापेमारी में 1.204 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। साथ ही कुल 64.62 लाख रुपये नकद मिला, जिसमें घर से 56.69 लाख रुपये शामिल हैं। इसके अलावा 355 ग्राम सोना, 161 ग्राम चांदी के गहने और चार संपत्तियों की रजिस्ट्री के कागजात भी बरामद किए गए। दो कारें (जिसमें एक टाटा हैरियर एसयूवी) भी जब्त की गईं।
पुलिस का दावा है कि नकदी, सोना-चांदी और संपत्तियां ड्रग्स तस्करी से अर्जित अवैध कमाई से जुड़ी हैं। जांच में दिल्ली से राजस्थान तक फैले अंतरराज्यीय नेटवर्क के तार भी सामने आए हैं। इस पूरे मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब सप्लायर, खरीदार और अन्य सहयोगियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। पार्वती के ठिकाने से मिली संपत्ति और नकदी ने पुलिस को हैरान कर दिया। अधिकारी कह रहे हैं कि वह लंबे समय से सतर्कता से नेटवर्क चला रही थी। आउटर नॉर्थ पुलिस वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों के स्रोत की भी जांच कर रही है। यह कार्रवाई दिल्ली में नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा है।
मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क को जड़ से उखाड़ने की कोशिश की जा रही है।

