योगी आदित्यनाथ रविवार को पहुंचे ग्रेटर नोएडा ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ में युवाओं और महिलाओं को किया संबोधित
गरीब दर्शन/ग्रेटर नोएडा।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को एक दिवसीय दौरे पर गौतम बुद्ध नगर पहुंचे। मुख्यमंत्री दोपहर करीब तीन बजे हेलीकॉप्टर से ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया। कार्यक्रम की थीम ‘उत्कर्ष नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान’ रखी गई थी। समारोह में पांच हजार से अधिक युवाओं और महिलाओं की भागीदारी रही। मुख्यमंत्री ने इस दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित किया। दौरे के क्रम में मुख्यमंत्री नोएडा के सेक्टर-51 स्थित पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र के आवास पर भी पहुंचे। इसके अलावा उनके द्वारा उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों की समीक्षा किए जाने की भी संभावना जताई गई। ट्रेड शो का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक एक्सपो मार्ट में प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर गौतम बुद्ध नगर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। कार्यक्रम स्थलों और प्रमुख आवागमन मार्गों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे समेत आसपास के प्रमुख मार्गों पर सुबह सात बजे से रात दस बजे तक यातायात डायवर्जन लागू रहा। इस दौरान भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाया गया। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। दौरा समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री के लखनऊ लौटने की संभावना जताई गई।

