पर्यटन स्थलों पर बनेंगे आधुनिक हाट-बाजार जीविका उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार

पर्यटन स्थलों पर बनेंगे आधुनिक हाट-बाजार जीविका उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार

ग्रामीण विकास मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश, पांच वर्षों में हर पंचायत में हाट विकसित करने का लक्ष्य

गरीब दर्शन / पटना।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और जीविका समूहों के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में बिहार सरकार ने नई पहल शुरू की है। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने नाबार्ड एवं विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर पर्यटन स्थलों पर आधुनिक हाट-बाजार विकसित करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि पर्यटन केंद्रों पर हाट स्थापित होने से जीविका दीदियों, किसानों और ग्रामीण कारीगरों के उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। इससे ग्रामीणों की आय में वृद्धि होगी और गांवों की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रोजगार सृजन से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने पायलट परियोजना के तहत विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार कराने के लिए विशेषज्ञ एजेंसी का सहयोग लेने पर बल दिया। साथ ही जीविका दीदियों और अन्य जरूरतमंद लोगों को प्लंबर सहित विभिन्न तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, खेल मैदानों का व्यवस्थित विकास करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में खाली पड़े सरकारी भवनों को हाट-बाजार के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रखंड में कम से कम 10 महिलाओं एवं युवतियों को कौशल विकास का प्रशिक्षण दिलाया जाए, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।

बैठक में ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार ने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं की विस्तृत प्रस्तुति तैयार की जाए। उन्होंने लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा कि आगामी पांच वर्षों के भीतर प्रत्येक ग्राम पंचायत में कम से कम एक हाट का निर्माण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी हाटों को डिजिटल विपणन व्यवस्था से जोड़ने के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया।

मंत्री ने पश्चिम चंपारण, मुंगेर, नवादा सहित पहाड़ी क्षेत्रों में बकरी पालन को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने आदिवासी क्षेत्रों में पशुपालन को प्रोत्साहित करने तथा स्थानीय लोगों को इसके प्रति जागरूक करने की आवश्यकता भी बताई।

बैठक में जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा, योजना आयुक्त अनन्या सिंह, नाबार्ड पटना के मुख्य महाप्रबंधक गौतम कुमार सिंह, उप महाप्रबंधक लक्ष्मण कुमार सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *