पातेपुर में महिला की मौत के बाद मेडिकल हाल में हंगामा और तोड़फोड़
गरीब दर्शन/हाजीपुर।
पातेपुर थाना क्षेत्र के सिमरवारा चौक पर मंगलवार को इलाज के दौरान 35 वर्षीय महिला की मौत के बाद हंगामा हो गया। आक्रोशित स्वजन ने महिला का शव सिमरवारा चौक स्थित आयुष मेडिकल हाल में रखकर विरोध जताया। स्वजन ने मेडिकल स्टोर की आड़ में कथित रूप से नर्सिंग होम संचालित करने और गलत इंजेक्शन लगाने से महिला की मौत होने का आरोप लगाया। घटना के बाद मेडिकल स्टोर संचालक और वहां मौजूद कथित चिकित्सक मौके से फरार हो गए। आक्रोशित लोगों ने मेडिकल स्टोर में तोड़फोड़ भी की।
जानकारी के अनुसार, सिमरवारा पंचायत के वार्ड संख्या 14 निवासी उमेश महतो की पत्नी रीना देवी की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। स्वजन बेहतर इलाज की उम्मीद में उसे आयुष मेडिकल हाल लेकर पहुंचे। आरोप है कि मेडिकल स्टोर के अंदर ही इलाज की व्यवस्था थी और वहां मौजूद कथित चिकित्सक ने उचित जांच किए बिना महिला को इंजेक्शन लगा दिया। आरोप है कि इंजेक्शन लगने के कुछ देर बाद रीना देवी की हालत तेजी से बिगड़ने लगी। वह तड़पने लगीं और मुंह से झाग निकलने लगा। स्वजन कुछ समझ पाते, इससे पहले उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद कथित चिकित्सक और अन्य कर्मी मौके से निकल गए।
मौत से आक्रोशित स्वजन और ग्रामीणों ने शव को मेडिकल हाल के अंदर रख दिया। कुछ ही देर में चौक पर लोगों की भीड़ जुट गई और मेडिकल स्टोर में तोड़फोड़ की गई। स्वजन ने आरोप लगाया कि मेडिकल स्टोर की आड़ में बिना वैध अनुमति के इलाज किया जा रहा था। उन्होंने संचालक और कथित चिकित्सक के विरुद्ध जांच, कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की। सूचना मिलने पर पातेपुर थानाध्यक्ष रौशन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों ने भी पहुंचकर लोगों को शांत कराने की कोशिश की। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में जुटी थी, लेकिन स्वजन कार्रवाई का आश्वासन मिलने तक शव हटाने को तैयार नहीं थे। हालांकि, शाम तक आपसी समझौते के बाद मामला शांत हो गया।

