कैमूर भभुआ विधानसभा से आम आदमी पार्टी के अमीरुद्दीन अंसारी ने भरा नामांकन
दिल्ली मॉडल पर विकास का किया वादा
तुराब खान /गरीब दर्शन /कैमूर। भभुआ।
विधानसभा चुनाव में नामांकन के छठे दिन भभुआ विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी अमीरुद्दीन अंसारी ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पूर्व उन्होंने भभुआ नगर का भ्रमण किया और सैकड़ों समर्थकों के साथ लोगों से आशीर्वाद लिया। इसके बाद भभुआ स्थित अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर उन्होंने अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया।
पत्रकारों से बातचीत में अमीरुद्दीन अंसारी ने कहा कि भभुआ विधानसभा को दिल्ली के तर्ज पर विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस तरह दिल्ली में प्रत्येक मोहल्ले में मोहल्ला क्लीनिक हैं और सरकारी विद्यालयों का आधुनिकीकरण किया गया है, उसी तरह भभुआ विधानसभा के सरकारी विद्यालयों को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा ताकि यहां से भी डॉक्टर और इंजीनियर निकलें।
उन्होंने कहा कि भभुआ विधानसभा क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या किसानों की है। प्रत्येक किसान के खेत तक पानी पहुंचाने और उनकी आवाज विधानसभा तक उठाने का वादा किया।
नामांकन के बाद जैसे ही अमीरुद्दीन अंसारी बाहर निकले, समर्थकों ने “अमीरुद्दीन अंसारी जिंदाबाद” और “अरविंद केजरीवाल जिंदाबाद” के नारों से पूरा परिसर गूंजा दिया।

