होली के दिन NH-19 पर भीषण सड़क हादसा

होली के दिन NH-19 पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक चालक की मौत सह चालक गंभीर

दहियाँव गांव के पास दो ट्रकों की टक्कर, घायल को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर

गरीब दर्शन /दुर्गावती /कैमूर भभुआ।

एक ओर जहां होली के त्योहार की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहीं दूसरी ओर होली के दिन हुई सड़क दुर्घटना ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बुधवार की शाम स्थानीय थाना क्षेत्र के दहियाँव गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सह चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत से जंग लड़ रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम दहियाँव गांव के सामने एनएच-19 पर दो ट्रकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल सह चालक को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दुर्गावती पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। बताया जाता है कि ट्रक संख्या RJ 32 GD 3934 राजस्थान के नीमराना से प्लाई लोड कर एनएच-19 के रास्ते कोलकाता जा रही थी। इसी दौरान दहियाँव गांव के पास ट्रक के आगे चल रही एक कार ने अचानक ब्रेक लगा दिया। कार को बचाने के प्रयास में ट्रक चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे पहले से खड़ी ऑटो लोड ट्रक संख्या RJ 47 JE 3831 में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में प्लाई लोड ट्रक के चालक लगभग 45 वर्षीय रामकरण उर्फ पप्पू की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक राजस्थान के अरवल जिला अंतर्गत बेहरोर तहसील के बटखानी गांव के निवासी बताए जाते हैं। वहीं उसी ट्रक का सह चालक जनवेद उर्फ लालू बबुआ, जो इलाहाबाद (उत्तर प्रदेश) का निवासी है, गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भभुआ भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष गिरीश कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *