चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष का मार्च
मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन
कई सांसद हिरासत में
गरीब दर्शन/नई दिल्ली
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन के सांसदों ने मंगलवार को संसद भवन से चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर मार्च निकाला। संसद मार्ग पर नीति आयोग कार्यालय के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग कर मार्च रोक दिया। इसके विरोध में विपक्षी सांसद सड़क पर धरने पर बैठ गए। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी पुलिस बैरिकेड पर चढ़कर तिरंगा लहराते नजर आए। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को कुछ देर के लिए हिरासत बस में बैठाया गया, लेकिन बाद में वह उतरकर राहुल गांधी के साथ आकाशवाणी भवन के गेट तक पहुंचीं। पुलिस की रोक के बावजूद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा रिसेप्शन गेट से आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश कर गए। तीनों नेता परिसर में एक पेड़ के नीचे बैठकर धरने पर बैठ गए। कांग्रेस के केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा और दिग्विजय सिंह समेत कई अन्य नेता भी उनके साथ मौजूद रहे। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, टीएमसी सांसद डेरेक ओ’ब्रायन और अभिषेक बनर्जी समेत कई विपक्षी सांसदों को पुलिस ने हिरासत में लिया। बाद में हिरासत में लिए गए नेताओं को पुलिस वाहनों से थानों की ओर ले जाया गया। कांग्रेस ने आकाशवाणी भवन परिसर से ‘जन की बात’ का वीडियो साझा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम पर भी निशाना साधा। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग दोहराई। विपक्षी दलों का आरोप है कि चुनाव आयोग सरकार के इशारे पर काम कर रहा है। विपक्ष ने मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस की ओर से अतिरिक्त बल तैनात किया गया। देर शाम तक राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठे रहे।

