बालिग को नाबालिग बनाने वाले दो हेडमास्टर पर एफआईआर दर्ज
अब कानून का शिकंजा
गरीब दर्शन / मोतिहारी –
बालिग अपराधियों को नाबालिग दर्शाने की कोशिश में शामिल दो हेडमास्टर पर अब कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। जुबेनाइल कोर्ट के लिपिक के आवेदन पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, नगर थाना कांड संख्या 921/25 और 820/23 के आरोपियों को नाबालिग साबित करने के लिए फर्जी तरीके से जन्म प्रमाणपत्र जारी किया गया था। यह प्रमाणपत्र स्कूल से जारी कर अपराधियों को फायदा पहुंचाने की साजिश की गई थी। इस मामले में राजकीय मध्य विद्यालय बैरिया डीह (हरसिद्धि) और प्राथमिक विद्यालय नौटोलिया मुशहरी (जिला कटिहार) के प्रधानाध्यापकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। बताया गया है कि अपराधियों को नाबालिग दिखाकर उन्हें सजा से बचाने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन दस्तावेजों की जांच में गड़बड़ी का मामला सामने आने पर जुबेनाइल कोर्ट ने इस पर संज्ञान लिया। इसके बाद नगर थाना में दोनों प्रधानाध्यापकों पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

