Wednesday, 25 November 2026▤ई-पेपरआज का अंक पढ़ें | सच की आवाज
निष्पक्ष खबर • निर्भीक आवाज
ब्रेकिंग
पैक्स चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन अध्यक्ष पद के लिए दो तथा प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य पद के लिए13 सदस्यों ने सहायक निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष दाखिल किया नामजदगी के पर्चेपटना में 26 नवंबर को सजेगा राष्ट्रीय दुग्ध दिवस का मंच, बिहार को मिलेंगी डेयरी क्षेत्र की कई बड़ी सौगातेंबिहार की स्वास्थ्य सेवाओं में AI का होगा इस्तेमाल, स्मार्ट एम्बुलेंस से लेकर बेड प्रबंधन तक बदलेगी व्यवस्थासुशासन की 21 वर्षों की यात्रा ने बिहार को दी नई पहचान : निशांतयोगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने पत्र लिखकर जताई संवेदनाध्रुव राठी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी, 3 दिसंबर को अगली सुनवाईभारत-नेपाल रिश्तों को नई ऊंचाई, मोदी और बालेन शाह के बीच अहम समझौतेश्वसन रोगों की रोकथाम और बेहतर उपचार के लिए विशेषज्ञों का सहयोग जरूरी : स्वास्थ्य मंत्री निशांत
बिहार | November 25, 2026 | ritu ranjan | 4 मिनट पढ़ने का समय | 3 पाठक

पटना में 26 नवंबर को सजेगा राष्ट्रीय दुग्ध दिवस का मंच, बिहार को मिलेंगी डेयरी क्षेत्र की कई बड़ी सौगातें

 

दूध प्रसंस्करण संयंत्र समेत कई परियोजनाओं का होगा लोकार्पण, पशुपालकों को मिलेंगे राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार; सुधा के नए उत्पाद भी होंगे लॉन्च

गरीब दर्शन/पटना:बिहार की राजधानी पटना में 26 नवंबर को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस 2026 के अवसर पर डेयरी और पशुपालन क्षेत्र की विकास यात्रा को नई गति देने वाली कई महत्वपूर्ण पहल शुरू होंगी। बापू सभागार में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय समारोह में डेयरी आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण, नई योजनाओं का शुभारंभ और उत्कृष्ट कार्य करने वाले पशुपालकों को सम्मानित किया जाएगा। इन पहलों का उद्देश्य दूध उत्पादन, प्रसंस्करण, पशुओं के पोषण और डेयरी कारोबार को मजबूत बनाना है।
मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय के पशुपालन और डेयरी विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह मुख्य अतिथि होंगे। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्यपालन एवं पशु संसाधन मंत्री नंद किशोर राम सहित कई गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।
समारोह में पशुधन और डेयरी क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार 2026 प्रदान किए जाएंगे। इसके तहत स्वदेशी गाय और भैंस की नस्लों का संरक्षण करने वाले उत्कृष्ट डेयरी किसान, कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन तथा डेयरी सहकारी समितियों और उत्पादक संगठनों को सम्मानित किया जाएगा। पूर्वोत्तर क्षेत्र और हिमालयी राज्यों के विजेताओं के लिए भी विशेष पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं।
इस अवसर पर बिहार को डेयरी क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। पटना स्थित वीपीएमयू और मुजफ्फरपुर स्थित तिमुल में मिनरल मिक्सचर प्लांट तथा समस्तीपुर स्थित मिथिला मिल्क यूनियन में एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट का लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा राष्ट्रीय डेयरी विकास कार्यक्रम के तहत डेयरी सहकारी समितियों को डेटा प्रोसेसिंग एवं मिल्क कलेक्शन यूनिट उपलब्ध कराई जाएंगी। इनसे दूध संग्रहण और गुणवत्ता जांच की व्यवस्था बेहतर होगी।
पटना के बिहटा स्थित सिकंदरपुर में नमस्ते इंडिया के दो लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा। पशुपालन अवसंरचना विकास कोष की सहायता से स्थापित इस संयंत्र से दूध के प्रसंस्करण की क्षमता को मजबूती मिलेगी। पशु चिकित्सा औषधि बिक्री केंद्रों के लिए प्रमाणपत्र भी वितरित किए जाएंगे।
डेयरी सहकारी समितियों और दुग्ध उत्पादक संगठनों के कामकाज में पारदर्शिता लाने के लिए रेटिंग एवं ग्रेडिंग की मानक संचालन प्रक्रिया और ऑनलाइन पोर्टल की शुरुआत होगी। इसके साथ ही विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए पशुधन एवं डेयरी क्षेत्र के लिए जलवायु अनुकूल रोडमैप जारी किया जाएगा।
समारोह में पशुपालन क्षेत्र के आंकड़ों पर आधारित बेसिक एनिमल हसबेंडरी स्टैटिस्टिक्स 2026 भी जारी होगा। इसमें दूध, अंडा, मांस और ऊन के उत्पादन, राज्यवार आंकड़ों तथा प्रति व्यक्ति उपलब्धता की जानकारी दी जाएगी। प्रगतिशील डेयरी किसानों के साथ संवाद कार्यक्रम में उनके अनुभवों, नवाचारों और सफल कार्यप्रणालियों पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम में सुधा ब्रांड की मखाना खीर और रबड़ी भी लॉन्च की जाएगी। साथ ही सुधा के बिक्री केंद्रों की चाबियां सौंपी जाएंगी। इससे बिहार के पारंपरिक मखाना उत्पादों को डेयरी बाजार से जोड़ने और मूल्यवर्धित उत्पादों की पहुंच बढ़ाने की पहल को बल मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय दुग्ध दिवस श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन की जयंती पर मनाया जाता है। भारत को विश्व का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक देश बनाने में उनके योगदान को याद करते हुए यह दिवस डेयरी किसानों की भूमिका और इस क्षेत्र के महत्व को रेखांकित करता है।

खबर साझा करें

FacebookXWhatsAppTelegramLinkedInRedditPinterestThreadsईमेल