खर्चे के पैसे मांगने पर प्रेमी ने की थी चांदनी की हत्या आरोपी गिरफ्तार

खर्चे के पैसे मांगने पर प्रेमी ने की थी चांदनी की हत्या आरोपी गिरफ्तार

 

होटल में शेखर के नाम से कराई थी एंट्री असली पहचान शिव कुमार के रूप में हुई साड़ी से गला घोंटकर ली थी जान

अंजलि कुमारी / गरीब दर्शन / नई दिल्ली

हरियाणा के फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित होटल में बिहार की महिला चांदनी कुमारी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। हत्या के बाद फरार हुए आरोपी को अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि महिला द्वारा खर्च के लिए पैसे मांगने पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने पहले हाथों से गला दबाया और फिर महिला की साड़ी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। मृतका की पहचान बिहार के मुंगेर जिले के खड़गपुर निवासी 35 वर्षीय चांदनी कुमारी के रूप में हुई है। वारदात 31 अक्टूबर को बल्लभगढ़ की चावला कॉलोनी स्थित वन स्टार गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 201 में हुई थी। चांदनी सुबह करीब 10 बजे एक व्यक्ति के साथ होटल पहुंची थी। दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताकर कमरा बुक कराया था। होटल के रिकॉर्ड में साथ आए व्यक्ति का नाम शेखर दर्ज कराया गया था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी की असली पहचान शिव कुमार है। वह करीब चार साल पहले काम की तलाश में फरीदाबाद आया था और सीकरी इलाके में किराये पर रहता था। चांदनी भी उसी मकान में ऊपर-नीचे किराये पर रहती थी। इसी दौरान करीब दो साल पहले दोनों के बीच जान-पहचान बढ़ी और नजदीकी संबंध बन गए।

*पहचान छिपाने के लिए दूसरे का आईडी कार्ड इस्तेमाल किया*

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने होटल में अपनी असली पहचान उजागर नहीं होने देने के लिए अपने गांव के ही शेखर नामक व्यक्ति का पहचान पत्र इस्तेमाल किया था। 31 अक्टूबर को होटल पहुंचने के बाद कमरे में खर्च के लिए पैसे मांगने को लेकर चांदनी और शिव कुमार के बीच विवाद हुआ। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने उसकी हत्या कर दी।

दो नवंबर को हुई गिरफ्तारी

होटल संचालक की शिकायत पर बल्लभगढ़ शहर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अपराध शाखा डीएलएफ को सौंपी गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए दो नवंबर को आरोपी शिव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उसे अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ करने और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने की तैयारी में है। इस घटना से बिहार के मुंगेर जिले में मृतका के परिजनों में शोक है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *