चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ एक बदमाश घायल
साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
गरीब दर्शन / गाजियाबाद :
इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात कनावनी पुस्ता रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस और बाइक सवार दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब 10 से 12 बजे के बीच कनावनी पुस्ता रोड पर चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया। दोनों बाइक की गति बढ़ाकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी और उसे मौके से पकड़ लिया गया। पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम सोहेल उर्फ सुहेल निवासी मयूर विहार, त्रिलोकपुरी दिल्ली बताया। उसके फरार साथी की पहचान आमिर निवासी चिल्ला गांव, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी दिल्ली-एनसीआर और गाजियाबाद में महिलाओं से चेन, कुंडल और मोबाइल फोन छीनने की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने बताया कि सोहेल ने करीब 15 दिन पहले इंदिरापुरम के वसुंधरा क्षेत्र में दो महिलाओं से चेन लूटने की बात भी स्वीकार की है। उसके कब्जे से एक तमंचा और दिल्ली से चोरी की गई बिना नंबर की बाइक बरामद हुई है। आरोपी के खिलाफ चोरी, स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि फरार आरोपी आमिर की तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर स्नैचिंग की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

