गरीब दर्शन में खबर प्रकाशित होते ही प्रशासन हरकत में
दुर्गावती बाजार की जर्जर सड़क पर दौड़ा प्रशासन का ध्यान, गड्ढे भरने का काम शुरू
गरीब दर्शन/कैमूर।
दुर्गावती बाजार की बदहाल सड़क को लेकर गरीब दर्शन हिंदी दैनिक में 30 अगस्त को प्रकाशित खबर का असर महज एक दिन में देखने को मिला। खबर के माध्यम से सड़क की जर्जर स्थिति, जगह-जगह बने जानलेवा गड्ढों और बारिश के बाद उनमें जमा पानी से आम लोगों को हो रही परेशानी को प्रमुखता से उठाया गया था। खबर प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। प्रशासनिक पहल के बाद अब दुर्गावती बाजार की क्षतिग्रस्त सड़क के गड्ढों को भरकर समतल करने का काम शुरू हो गया है। दुर्गावती बाजार की यह सड़क लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रही थी। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन जाने के कारण लोगों के लिए आवागमन चुनौती बना हुआ था। बारिश होने के बाद स्थिति और गंभीर हो जाती थी। गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को सड़क की वास्तविक स्थिति का पता नहीं चलता था। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वाले लोगों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी रहती थी। बाजार में आने वाले दुकानदारों और ग्राहकों को भी लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
गरीब दर्शन में प्रकाशित खबर को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया। जिला पदाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अनुमंडल पदाधिकारी, मोहनिया को समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी, मोहनिया ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को दुर्गावती बाजार की सड़क की स्थिति में तत्काल सुधार करने का निर्देश दिया। प्रशासन के निर्देश मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी। बाजार क्षेत्र में सड़क पर बने गड्ढों को मिलिंग सामग्री से भरकर समतल करने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। सड़क की मरम्मत का काम शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी है। लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह जनसमस्याओं पर प्रशासन त्वरित कार्रवाई करता रहा तो आम जनता को काफी राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों ने सड़क की स्थिति को प्रशासन के संज्ञान में लाने और समस्या के समाधान की दिशा में पहल कराने के लिए गरीब दर्शन के प्रति आभार जताया। लोगों का कहना है कि समाचार पत्र में समस्या सामने आने के बाद जिस तेजी से प्रशासन ने कार्रवाई की है, उससे यह स्पष्ट है कि जनसमस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने पर उनका समाधान संभव है। जिला प्रशासन ने जनहित में सड़क सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई है। सड़क को पूरी तरह समतल करने का कार्य पूरा होने के बाद दुर्गावती बाजार में आवागमन सुगम होने तथा लोगों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
एक खबर एक पहल और बदल गई तस्वीर
गरीब दर्शन में प्रकाशित खबर ने न केवल प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया, बल्कि जमीनी समस्या के समाधान की दिशा में तत्काल कार्रवाई का रास्ता भी खोला। दुर्गावती बाजार में सड़क के गड्ढे भरने का शुरू हुआ कार्य जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता की सार्थकता को भी रेखांकित करता है।


