सीलमपुर में धूम्रपान को लेकर विवाद, चाकू से गोदकर युवक की हत्या
दो नाबालिग समेत छह गिरफ्तार
गरीब दर्शन / नई दिल्ली
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में धूम्रपान को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सेंट्रल पार्क में मंगलवार रात पांच से छह युवकों ने 20 वर्षीय सुभान पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सुभान ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वारदात सीलमपुर थाने के ठीक सामने स्थित पार्क में हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नाबालिगों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हत्या में इस्तेमाल चाकू और आरोपियों के वारदात के समय पहने कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे सुभान अपने दोस्त मोहसिन के साथ सेंट्रल पार्क में धूम्रपान कर रहा था। इसी दौरान वहां पहुंचे पांच से छह युवकों ने इस पर आपत्ति जताई। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोपियों ने सुभान पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकले।
घटना के बाद मोहसिन घायल सुभान को लेकर जग प्रवेश चंद्र अस्पताल पहुंचा। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे गुरु तेग बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान सुभान की मौत हो गई। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर घटना के कुछ ही घंटों के भीतर छह लोगों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन खान उर्फ अरशु (21), अफजल खान (18), अब्दुल मोमिन (18) और शोएब मिर्जा (18) के रूप में हुई है। इनके अलावा करीब 17 वर्ष के दो किशोरों को भी पकड़ा गया है।
हत्या का मामला दर्ज
शुरुआत में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया था। सुभान की मौत के बाद इसमें हत्या से संबंधित धारा 103(1) भी जोड़ दी गई। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कथित चाकू और आरोपियों के कपड़े बरामद कर लिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की आगे की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
थाने के सामने वारदात से सवाल
सीलमपुर थाने के ठीक सामने स्थित पार्क में हुई इस वारदात ने इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। मामूली कहासुनी में एक युवक की जान चली गई। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद किस तरह बढ़ा और हमले में किस आरोपी की क्या भूमिका रही।

