गरीब दर्शन / पटना: राजधानी पटना स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित BREATHCON 2026 कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने फेफड़ा रोग विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं, वरिष्ठ चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को संबोधित करते हुए श्वसन संबंधी बीमारियों की रोकथाम, समय पर पहचान और बेहतर उपचार की आवश्यकता पर जोर दिया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सांसों का चलना जीवन का आधार है और उनका रुक जाना मृत्यु की अवस्था है। ऐसे में चिकित्सा विज्ञान में चेस्ट मेडिसिन और श्वसन रोगों से जुड़े अनुसंधान, बचाव तथा उपचार की विधियों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि आज देश और बिहार में टीबी, सीओपीडी, अस्थमा, फेफड़ों का कैंसर, स्लीप एपनिया सहित कई श्वसन संबंधी बीमारियां गंभीर चुनौती बनकर उभर रही हैं। उन्होंने कहा कि इन बीमारियों से निपटने में फेफड़ा रोग विशेषज्ञों (पल्मोनोलॉजिस्ट) की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। चिकित्सा क्षेत्र में लगातार हो रहे अनुसंधान और आधुनिक उपचार पद्धतियों के साथ आम लोगों में जागरूकता बढ़ाना भी जरूरी है। निशांत कुमार ने BREATHCON जैसे आयोजनों को चिकित्सा जगत के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे मंच पर विशेषज्ञों को अपने अनुभव और शोध साझा करने का अवसर मिलता है। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से आह्वान किया कि वे सामूहिक प्रयासों से श्वसन रोगों की रोकथाम, बेहतर उपचार और जन-जागरूकता को मजबूत करें, ताकि बिहार को स्वस्थ और खुशहाल बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सके।






