पीडीए रथ यात्रा के दौरान जेसीबी की टक्कर से छात्र की मौत, 60 लोगों पर एफआईआर

पीडीए रथ यात्रा के दौरान जेसीबी की टक्कर से छात्र की मौत, 60 लोगों पर एफआईआर

गरीब दर्शन/गोरखपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पीडीए रथ यात्रा के दौरान बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। कूड़ाघाट इलाके में यात्रा के दौरान फूल बरसाने में लगी तेज रफ्तार जेसीबी ने छात्र को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद छात्र सड़क के डिवाइडर से जा टकराया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
मृतक की पहचान आर्यवर्धन सिंह श्रीनेत के रूप में हुई है। वह केंद्रीय विद्यालय में कक्षा 10 का छात्र था और स्थानीय भाजपा नेता ओंकार सिंह श्रीनेत का बेटा था। पिता के अनुसार, आर्यवर्धन अपनी बहन को लेने जा रहा था। इसी दौरान अखिलेश यादव का काफिला आगे निकलने के बाद फूल बरसाने वाली जेसीबी तेज रफ्तार से वहां पहुंची और उसे पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे के बाद परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। गुरुवार को गोरखपुर एम्स थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की।
एफआईआर में आयोजन समिति से जुड़े छह नामजद आरोपियों के अलावा 50 से 60 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। नामजद आरोपियों में साधू यादव, मनोज यादव, मृत्युंजय यादव, योगेश यादव और चंद्र प्रकाश सहित अन्य शामिल हैं। पुलिस ने हादसे में शामिल जेसीबी को जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
इधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतक के परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। हादसे ने राजनीतिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *