दीपावली की रात दंत चिकित्सक ने कर दी पत्नी की गोली मारकर हत्या

दीपावली की रात दंत चिकित्सक ने कर दी पत्नी की गोली मारकर हत्या

स्वजन के अनुसार महिला को पुत्र नहीं होने पर दोनों के बीच अक्सर हाेता था विवाद

गरीब दर्शन / हाजीपुर : स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र थाना के राजपूत नगर रोड नंबर-दो में दीपावली की रात पति-पत्नी के विवाद में पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में कोहराम मच गया, जबकि स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका की पहचान डा. राकेश कुमार की करीब 40 वर्षीय पत्नी नीलू सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना के बाद आरोपित पति समेत घर के सभी लोग फरार बताए जा रहे हैं। इसकी सूचना पर मायके वाले सदर अस्पताल पहुंच गए। मिली जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार पुत्र नहीं होने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। बताया गया है कि इसी विवाद के दौरान रविवार की रात राकेश कुमार ने अपनी पत्नी नीलू सिंह के सिर में गोली मार दी। गोली सिर को पार कर गई, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे तो महिला खून से लथपथ पड़ी थी। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई। राकेश कुमार का पुश्तैनी घर महनार थाना क्षेत्र के महिंदवारा गांव में बताया गया है। राकेश पेशे से दंत चिकित्सक व ठेकेदार बताए गए हैं। राकेश की शादी करीब 20 वर्ष पहले बलिगांव थाना क्षेत्र के अगरैल निवासी चंद्रशेखर सिंह की पुत्री नीलू सिंह के साथ हुई थी। घटना के संबंध में मृतका की बेटी कृतिका राज ने बताया कि रविवार की रात मम्मी-पापा के बीच लड़ाई हो रही थी। इसी बीच उसके पिता नीचे गए और फिर ऊपर आए। इसके बाद उसे आगे वाले कमरे में भेजकर सोने को कहा और कंबल देकर लाइट बंद कर दी। कुछ देर बाद गोली चलने की आवाज आई। कृतिका के अनुसार, उसके माता-पिता के बीच अक्सर झगड़ा होता था और पहले भी दो-तीन बार गोली चल चुकी थी। गोली की आवाज सुनकर बाहर निकली तो देखा कि उन्होंने गोली चला दी है। कृतिका ने बताया कि रिवाल्वर उसके पिता की थी। घटना के बाद उसके पिता ने उन्हें कुछ नहीं बताया और घर छोड़कर चले गए। जाते समय राकेश अपनी बेटी कृतिका को भी साथ ले जाने का प्रयास कर रहा था, लेकिन वह हाथ छुड़ाकर भाग गईं। एसडीपीओ सदर वन ने बताया कि आरोपित राकेश सिंह ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पत्नी को गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका की पुत्री ने पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद काफी दिनों से चल रहा था और इसी विवाद में रविवार की रात घटना हुई। महिला को एक ही गोली लगी थी। शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया है और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *