बिहार राज्य संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल परिषद के क्रियाशील होने से स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को मिलेगी नई मजबूती : स्वास्थ्य मंत्री निशांत

बिहार राज्य संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल परिषद के क्रियाशील होने से स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को मिलेगी नई मजबूती : स्वास्थ्य मंत्री निशांत

गरीब दर्शन / पटना: बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं व्यावसायिक मानकों को और सुदृढ़ करने की दिशा में बिहार राज्य संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल परिषद (Bihar State Allied and Healthcare Council) एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी। परिषद के क्रियाशील होने के अवसर पर माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक गुणवत्तापूर्ण, जवाबदेह और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस परिषद के माध्यम से राज्य के संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों के लिए एक पारदर्शी और प्रभावी नियामक व्यवस्था विकसित की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि परिषद का गठन राष्ट्रीय संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल वृत्ति आयोग अधिनियम, 2021 (NCAHP Act, 2021) के प्रावधानों के अनुरूप किया गया है। इसका प्रमुख उद्देश्य राज्य में संबद्ध एवं स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों के विकास, पंजीकरण, नियमन तथा उनके व्यावसायिक मानकों को सुनिश्चित करना है। परिषद राज्य में इन पेशेवरों के पंजीकरण एवं राज्य रजिस्टर के रख-रखाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता केवल चिकित्सकों और चिकित्सा सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें फिजियोथेरेपी, मेडिकल लैबोरेटरी साइंस, रेडियोलॉजी, ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी सहित विभिन्न संबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं का भी महत्वपूर्ण योगदान है। इन क्षेत्रों में कार्यरत पेशेवरों की योग्यता, दक्षता और निर्धारित शैक्षणिक एवं व्यावसायिक मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना आवश्यक है। परिषद के माध्यम से इन सभी क्षेत्रों में पेशेवर गुणवत्ता एवं जवाबदेही को बढ़ावा। स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि सरकारी एवं निजी स्वास्थ्य संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो तथा स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में प्रशिक्षित एवं योग्य मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। परिषद के अंतर्गत स्वायत्त बोर्ड (Autonomous Boards) एवं सलाहकार बोर्ड (Advisory Board) के गठन की प्रक्रिया भी जारी है, जिसे शीघ्र पूरा किया जाएगा। उन्होंने परिषद के सफल संचालन की कामना करते हुए कहा कि यह पहल विकसित एवं सशक्त बिहार के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *