साकेत में किया शोरूम की आग ने मचाई तबाही सात घायल सभी अस्पताल से डिस्चार्ज

साकेत में किया शोरूम की आग ने मचाई तबाही सात घायल सभी अस्पताल से डिस्चार्ज

छह वाहन आग की भेंट चढ़े 16 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

गरीब दर्शन/नई दिल्ली।

दक्षिण दिल्ली के सैदुलाजाब इलाके में साकेत मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित किया कार शोरूम में शुक्रवार दोपहर लगी भीषण आग से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा शोरूम काले धुएं के गुबार से घिर गया। आसमान में उठते धुएं को कई किलोमीटर दूर से देखा गया। हादसे में सात लोग घायल हुए, जबकि इमारत में फंसे करीब 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग की चपेट में आने से छह वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 3:45 बजे एमजी रोड पर साकेत मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित शोरूम में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद दिल्ली पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। बचाव अभियान में पांच दमकल गाड़ियों और छह एंबुलेंस को लगाया गया। पुलिस, दमकलकर्मियों और अन्य आपातकालीन एजेंसियों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग के दौरान इमारत की छत पर करीब 12 से 15 लोग फंस गए थे। उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए सीढ़ियों और लैडर का सहारा लिया गया। वहीं, शोरूम के पिछले हिस्से से चार अन्य लोगों को बाहर निकाला गया। बचाव अभियान में स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग की भयावहता के कारण कुछ समय तक लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। हादसे में सात लोगों के घायल होने की सूचना सामने आई। इनमें दो महिलाएं धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी से पीड़ित हुईं। घायलों को मैक्स और मदन मोहन मालवीय अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में अस्पताल प्रशासन की ओर से मदन मोहन मालवीय अस्पताल लाए गए सभी आठ लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दिए जाने की जानकारी दी गई। इनमें दो पुलिसकर्मी भी शामिल थे। किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है।
दिल्ली पुलिस के दक्षिण जिला उपायुक्त अनंत मित्तल के अनुसार, पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। शाम करीब 6:20 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। इसके बाद इमारत की जांच और तलाशी की गई, ताकि किसी अन्य व्यक्ति के अंदर फंसे होने की आशंका दूर की जा सके।

आग के कारणों की जांच शुरू

शोरूम में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग बिजली की खराबी या किसी अन्य वजह से लगी। घटना के दौरान साकेत मेट्रो स्टेशन और आसपास की सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने भीड़ को हटाकर दमकल और एंबुलेंस के आवागमन के लिए रास्ता साफ कराया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *