गाजियाबाद की पुलिस चौकी में जोरदार धमाका डिलीवरी बॉय घायल

गाजियाबाद की पुलिस चौकी में जोरदार धमाका डिलीवरी बॉय घायल

दो खिड़कियों के शीशे टूटे दीवार में आई दरार

एटीएस और बम निरोधक दस्ते ने संभाला मोर्चा संगठन के दावे की जांच में जुटी पुलिस

गरीब दर्शन / गाजियाबाद :

इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के वसुंधरा स्थित पुलिस चौकी में शुक्रवार रात करीब नौ बजे अचानक जोरदार धमाका होने से इलाके में हड़कंप मच गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि चौकी की दो खिड़कियों के शीशे टूट गए और दीवार में दरार आ गई। घटना के वक्त चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर और खाना पहुंचाने आया 20 वर्षीय डिलीवरी बॉय विशाल मौजूद था। धमाके के दौरान टूटे शीशों के टुकड़े लगने से विशाल घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई है। घटना में किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई। डीसीपी रिजुल कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में घटनास्थल से किसी विस्फोटक पदार्थ, बारूद या केमिकल के अवशेष नहीं मिले हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए यूपी एटीएस, फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर ‘तहरीक-ए-मुजाहिदीन’ नाम के संगठन की ओर से धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा सामने आया है। पुलिस इस दावे की सत्यता की भी पड़ताल कर रही है। हालांकि, अब तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमाके के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल धमाके के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *