16 साल के मोनू के अंगदान से तीन मरीजों को मिली नई जिंदगी

16 साल के मोनू के अंगदान से तीन मरीजों को मिली नई जिंदगी, बिहार में पहली बार सरकारी मदद से हुआ लिवर प्रत्यारोपण

बिहार सरकार ने लिवर प्रत्यारोपण के लिए दिए 15 लाख रुपये, स्वास्थ्य मंत्री की पहल पर आर्थिक सहायता से सफल हुआ ऑपरेशन

गरीब दर्शन/पटना

एक बेटे को खोने का गम परिवार के लिए असहनीय था, लेकिन उसी दुख की घड़ी में लिए गए एक फैसले ने तीन परिवारों की जिंदगी में नई उम्मीद जगा दी। पटना के 16 वर्षीय मोनू कुमार के अंगदान से तीन जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिला है। वहीं, बिहार में पहली बार राज्य सरकार की आर्थिक सहायता से लिवर प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। इस ऐतिहासिक पहल के तहत बिहार सरकार ने लिवर प्रत्यारोपण के लिए 15 लाख रुपये का अनुदान उपलब्ध कराया। जानकारी के अनुसार, मोनू कुमार सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान पटना स्थित आईजीआईएमएस में चिकित्सकों ने उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया। बेटे को खोने के गहरे सदमे के बावजूद परिजनों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए उसका लिवर और दोनों किडनी दान करने का निर्णय लिया। मोनू के इस महादान से तीन मरीजों को जीवनदान मिला। आईजीआईएमएस में 19 वर्षीय युवती का सफल लिवर प्रत्यारोपण किया गया। वहीं, एक अन्य मरीज का किडनी प्रत्यारोपण आईजीआईएमएस और दूसरे मरीज का किडनी प्रत्यारोपण एम्स पटना में किया गया।
इस पूरे मामले में स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत कुमार की पहल महत्वपूर्ण रही। मामला संज्ञान में आने के बाद उन्होंने आईजीआईएमएस के निदेशक और लिवर प्रत्यारोपण विभाग के अध्यक्ष को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सरकार की पूर्व घोषित योजना के तहत लिवर प्रत्यारोपण के लिए 15 लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी जरूरतमंद मरीज को जीवनरक्षक इलाज से वंचित नहीं होना चाहिए। सरकारी सहायता से लिवर प्रत्यारोपण की सफलता राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अंगदान और प्रत्यारोपण की इस पूरी प्रक्रिया में आईजीआईएमएस की ब्रेन डेथ कमेटी, एसओटीटीओ बिहार, एनओटीटीओ दिल्ली, आरओटीटीओ कोलकाता तथा आईजीआईएमएस और एम्स पटना की चिकित्सकीय टीमों ने समन्वय के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
स्वास्थ्य मंत्री ने सफल प्रत्यारोपण के लिए चिकित्सकीय टीम को बधाई देते हुए मोनू के परिजनों के साहसिक निर्णय को नमन किया। उन्होंने कहा कि अंगदान महादान है। एक व्यक्ति का अंगदान कई लोगों को नया जीवन दे सकता है। मोनू कुमार का महादान समाज के लिए प्रेरणा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *