दिल्ली में मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई 7 हजार किलो खराब मावा नष्ट
मोरी गेट खोया मंडी में छापेमारी, 44 नमूने लिए गए प्रारंभिक जांच में 35 नमूने फेल
अंजलि कुमारी / गरीब दर्शन / नई दिल्ली
दीपावली के मद्देनजर दिल्ली में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मोरी गेट स्थित खोया मंडी में छापेमारी के दौरान करीब 7,000 किलो अस्वच्छ, सड़ा-गला और दुर्गंधयुक्त मावा जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराया गया। मंगलवार को हुई इस कार्रवाई का मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अभियान के दौरान मावे के 44 निगरानी नमूने एकत्र किए। ‘फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स’ के माध्यम से की गई प्रारंभिक जांच में 35 नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। इनमें से दो नमूनों को विस्तृत जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला की अंतिम रिपोर्ट के बाद संबंधित कारोबारियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि मोरी गेट के रास्ते बड़ी मात्रा में नकली मावा दिल्ली लाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद सोमवार देर रात खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्रवाई की रणनीति बनाई गई। प्रारंभिक जांच में संदिग्ध मावे में दूध पाउडर, वनस्पति घी और बाइंडिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले पदार्थों की मौजूदगी के संकेत मिले हैं। हालांकि, इनकी पुष्टि प्रयोगशाला की विस्तृत जांच के बाद ही होगी। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, मोरी गेट खोया मंडी में यह चौथा बड़ा अभियान था। इससे पहले 4 सितंबर को 2,830 किलो, 8 सितंबर को 610 किलो और 23 अक्टूबर को 520 किलो खोया नष्ट कराया गया था। तीन नवंबर की कार्रवाई के बाद अब तक कुल 10,660 किलो खोया नष्ट किया जा चुका है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संदिग्ध खाद्य सामग्री किसी भी स्थिति में बाजार और उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंचनी चाहिए। उन्होंने मिलावट में शामिल कारोबारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और त्योहारों के दौरान जांच अभियान तेज रखने को कहा। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री ने खाद्य सुरक्षा विभाग को दिल्ली के बाजारों, डेयरी प्रतिष्ठानों, मिठाई निर्माण इकाइयों और गोदामों में नियमित जांच करने का निर्देश दिया है। विभाग का कहना है कि त्योहारों के बाद भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए अभियान जारी रहेगा। खाद्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान मावा और मिठाइयां विश्वसनीय दुकानों से ही खरीदें तथा असामान्य गंध, रंग या गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों से बचें।

