गोपालगंज में छात्रा की मौत के बाद बवाल आरोपी के घर के सामने जलाई चिता
तीन दिनों से लापता छठी कक्षा की छात्रा का शव बरामद दो लोग हिरासत में
गरीब दर्शन/थावे/गोपालगंज
गोपालगंज जिले के थावे थाना क्षेत्र के खानपुर अजमत गांव में 12 वर्षीय छात्रा संजना कुमारी की मौत के बाद आक्रोश फैल गया। तीन दिनों से लापता छात्रा का शव गांव में एक व्यक्ति के घर के पीछे से बरामद हुआ। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और आरोपी के घर के दरवाजे के सामने चिता जलाकर अंतिम संस्कार किया। इस घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। मृतका की पहचान पवन सिंह की बेटी संजना कुमारी के रूप में हुई है। वह छठी कक्षा की छात्रा थी। परिजन पिछले तीन दिनों से उसकी तलाश कर रहे थे। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
*दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ*
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस की ओर से 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी कर जेल भेजने की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। हालांकि, छात्रा की मौत के कारणों का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना से जुड़े तथ्यों और मौत की वास्तविक वजह का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। इस संबंध में थावे थानाध्यक्ष विभा रानी से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।

