- बिना लाइसेंस संचालित दुकान में दवाएं सील, पटना में संदिग्ध दवाओं की प्रामाणिकता की हो रही जांच
गरीब दर्शन/पटना: राज्य में दवाओं की अवैध बिक्री और नियमों के उल्लंघन पर रोक लगाने के लिए औषधि नियंत्रण विभाग ने गुरुवार को व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान 18 जिलों में 34 स्थानों पर दवा दुकानों की जांच की गई। प्रारंभिक जांच में 17 से अधिक प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं सामने आईं। बिना वैध लाइसेंस संचालित एक दुकान में दवाओं को सील कर दिया गया है। संबंधित दुकानदार के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई शुरू की गई है। यह अभियान पटना, मधेपुरा, पूर्णिया, भोजपुर, वैशाली, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, दरभंगा, सुपौल, सारण, औरंगाबाद, भागलपुर, गयाजी, बक्सर, कटिहार, कैमूर, मधुबनी और मुंगेर में चलाया गया। पटना के जीएम रोड स्थित सागर मेडिको, मुरली फार्मा और पॉपुलर में विशेष जांच की गई। सागर मेडिको से चार आयुर्वेदिक दवाओं के नमूने लिए गए हैं। इनकी जांच से पता लगाया जाएगा कि उनमें एलोपैथिक औषधीय तत्वों का मिश्रण तो नहीं है। मुरली फार्मा में दवाओं की खरीद-बिक्री और रिकॉर्ड संधारण में कई खामियां मिलीं। टीबी के इलाज में इस्तेमाल होने वाली तीन दवाओं और एनआरएक्स श्रेणी की एक दवा की बिक्री का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं कराया गया। दो अन्य दवाओं की खरीद से संबंधित दस्तावेज भी नहीं मिले। प्रतिष्ठान में शेड्यूल एच-1 का अनिवार्य रजिस्टर भी नहीं था। यहां एजिथ्राल-500 की एक स्ट्रिप संदिग्ध मिली, जिसका क्यूआर कोड स्कैन नहीं हो रहा था। इसे निर्माता कंपनी से सत्यापन के लिए भेजा गया है। वहीं, पॉपुलर से पांच दवाएं प्रामाणिकता की जांच के लिए संबंधित कंपनियों को भेजी गई हैं। प्रारंभिक जांच में कंपनी ने इन्हें अपना उत्पाद होने पर संदेह जताया है। तस्वीरों के मिलान में भी अंतर पाया गया है। भोजपुर के पीरो स्थित रंजन मेडिकल एजेंसी में नारकोटिक श्रेणी की दवा मिलने पर जांच शुरू की गई है। छपरा की एक दुकान में भी संदिग्ध निर्माण अनुमति और लेबलिंग वाली दवाएं मिली हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस दवा बिक्री, अवैध निर्माण, सरकारी दवाओं के दुरुपयोग और खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड नहीं रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
